
नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर में गुरुवार सुबह तेज हवाओं के साथ हुई झमाझम बारिश ने मौसम का मिजाज बदल दिया। बारिश से लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली, जबकि तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। हालांकि, कई इलाकों में जलभराव और ट्रैफिक जाम के कारण दफ्तर जाने वाले कर्मचारियों, स्कूली बच्चों और आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

दिल्ली के इंडिया गेट, मयूर विहार, चाणक्यपुरी, सीमापुरी समेत कई इलाकों के अलावा नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में भी अच्छी बारिश हुई। तेज हवाओं और बारिश से मौसम सुहाना हो गया, लेकिन निचले इलाकों में पानी भरने से आवागमन प्रभावित रहा। दिल्ली एयरपोर्ट ने भी यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी करते हुए फ्लाइट का स्टेटस जांचकर ही एयरपोर्ट पहुंचने की सलाह दी है।

मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, अगले कुछ घंटों और आने वाले दिनों में दिल्ली-एनसीआर में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और 60 से 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ स्थानों पर हवा की गति 100 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है। विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने की अपील की है।






