
नई दिल्ली। नाबालिग से दुष्कर्म मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे आसाराम को सुप्रीम कोर्ट से फिलहाल कोई राहत नहीं मिली है। अदालत ने मेडिकल आधार पर अंतरिम जमानत देने से इनकार करते हुए कहा कि पहले राजस्थान सरकार का पक्ष सुना जाएगा। हालांकि, कोर्ट ने आसाराम की याचिका पर नोटिस जारी किया है और उनकी सजा के खिलाफ दायर अपील पर सुनवाई करने पर सहमति जताई है। सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि आसाराम का इलाज जारी रहेगा और यदि उनकी स्वास्थ्य स्थिति गंभीर होती है तो अंतरिम जमानत की अर्जी पर जल्द सुनवाई की जा सकती है। राजस्थान सरकार ने अदालत को बताया कि हालिया मेडिकल जांच में उनकी जान को कोई तत्काल खतरा नहीं पाया गया।

आसाराम ने 2013 के नाबालिग से दुष्कर्म मामले में राजस्थान हाई कोर्ट द्वारा उम्रकैद की सजा बरकरार रखने के फैसले को चुनौती दी है। सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने यह भी कहा कि जमानत पर फैसला करते समय यह तथ्य भी महत्वपूर्ण है कि आसाराम एक प्रभावशाली व्यक्ति हैं। अब इस मामले की अगली सुनवाई अदालत की छुट्टियों के बाद होगी।







