
प्रदेश भाजपा संगठन की नई टीम के गठन के बाद पार्टी ने अब आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों को तेज कर दिया है। खासतौर पर उन सीटों पर फोकस किया जा रहा है जहां पिछले चुनाव में पार्टी को हार का सामना करना पड़ा था। इन्हीं सीटों पर संगठन को मजबूत करने और जीत की रणनीति तैयार करने का अभियान शुरू कर दिया गया है। इसी क्रम में रविवार को प्रदेश भाजपा मुख्यालय में प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह ने अवध, गोरखपुर और कानपुर क्षेत्र की हारी हुई विधानसभा सीटों को लेकर समीक्षा बैठक की। बैठक में संबंधित क्षेत्रों के पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
बैठक में फैसला लिया गया कि प्रत्येक हारी हुई विधानसभा सीट पर अलग-अलग प्रभारी नियुक्त किए जाएंगे। ये प्रभारी क्षेत्र में जाकर जिला, मंडल और बूथ स्तर तक संगठन की स्थिति, स्थानीय मुद्दों और मतदान के समीकरणों का फीडबैक जुटाएंगे। जरूरत के अनुसार संगठन को और मजबूत बनाने की दिशा में भी कदम उठाए जाएंगे। साथ ही क्षेत्रीय पदाधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे लगातार जनता के बीच सक्रिय रहें, स्थानीय समस्याओं के समाधान में भूमिका निभाएं और हारी हुई सीटों को जीत में बदलने के लिए जमीनी स्तर पर काम करें।
वहीं, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन जुलाई के पहले सप्ताह में दो दिवसीय दौरे पर लखनऊ आ सकते हैं। हालांकि आधिकारिक कार्यक्रम जारी नहीं हुआ है, लेकिन सूत्रों के अनुसार वे 3 और 4 जुलाई को प्रदेश में चुनावी तैयारियों और संगठन के कामकाज की समीक्षा करेंगे। बताया जा रहा है कि अपने दौरे के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष पार्टी पदाधिकारियों, विभिन्न अनुषांगिक संगठनों और क्षेत्रीय नेतृत्व के साथ अलग-अलग बैठक करेंगे। इसके अलावा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और आरएसएस पदाधिकारियों से भी उनकी मुलाकात संभव मानी जा रही है। नई संगठनात्मक टीम के गठन के बाद यह दौरा राजनीतिक तौर पर काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।







