
रायपुर : महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप और स्काईएक्सचेंज से जुड़े कथित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए EbixCash के चेयरमैन विकास गर्ग को गिरफ्तार किया है। उन्हें 14 जुलाई को नई दिल्ली से धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत हिरासत में लिया गया। इसके बाद विशेष PMLA अदालत से ट्रांजिट रिमांड मिलने पर आरोपी को रायपुर लाया गया, जहां अदालत ने 24 जुलाई तक 10 दिनों के लिए ED की हिरासत में भेज दिया।

एजेंसी को उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान अवैध सट्टेबाजी नेटवर्क, वित्तीय लेनदेन और इससे जुड़े अन्य लोगों के बारे में अहम जानकारी सामने आएगी।ED के अनुसार, यह जांच छत्तीसगढ़ के दुर्ग समेत विभिन्न राज्यों में दर्ज एफआईआर के आधार पर शुरू की गई थी। जांच में सामने आया कि महादेव ऑनलाइन बुक और स्काईएक्सचेंज जैसे प्लेटफॉर्म विदेश से संचालित फ्रेंचाइजी नेटवर्क के जरिए गैरकानूनी सट्टेबाजी का कारोबार चला रहे थे, जिससे हर महीने करोड़ों रुपये की अवैध कमाई होती थी। एजेंसी का दावा है कि इस रकम को शेल कंपनियों, विदेशी निवेश और विभिन्न कारोबारी संरचनाओं के माध्यम से वैध दिखाने का प्रयास किया गया। जांच के दौरान यह भी आरोप है कि इस धन का इस्तेमाल देश-विदेश में कंपनियों, शेयरों और अन्य संपत्तियों में निवेश के लिए किया गया।
इस मामले में ED पहले ही विकास गर्ग, उनके परिजनों और उनसे जुड़ी कंपनियों की करीब 940.77 करोड़ रुपये की संपत्तियां कुर्क कर चुकी है। वहीं अब तक की कार्रवाई में लगभग 4,000 करोड़ रुपये मूल्य की चल और अचल संपत्तियों को अटैच, जब्त या फ्रीज किया जा चुका है। एजेंसी का कहना है कि जांच अभी जारी है और आने वाले दिनों में इस मामले में कई और महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।



