
कटड़ा : मौसम विभाग की चेतावनी और शनिवार देर रात से रविवार सुबह तक हुई मूसलाधार बारिश के चलते श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने एहतियात के तौर पर मां वैष्णो देवी की यात्रा को फिलहाल अस्थायी रूप से स्थगित कर दिया है। यात्रा स्थगित होने के कारण करीब 10 हजार श्रद्धालु कटड़ा में रुके हुए हैं और यात्रा दोबारा शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं।

भारी बारिश के कारण जनजीवन भी प्रभावित हुआ है। वहीं त्रिकुटा पर्वत पर लगातार बादलों का जमाव बना हुआ है, जिससे प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। स्थानीय प्रशासन, पुलिस तथा श्राइन बोर्ड मौसम की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। मौसम में सुधार होने के बाद ही यात्रा को पुनः शुरू करने का निर्णय लिया जाएगा।बीती रात हुई तेज बारिश के चलते मां वैष्णो देवी के महत्वपूर्ण बैटरी कार मार्ग के सत्या भोजनालय क्षेत्र में पहाड़ी से चट्टानें, कंकड़-पत्थर और मलबा गिरने की सूचना मिली है। इसके अलावा भैरव घाटी मार्ग पर भी आंशिक भूस्खलन की खबरें सामने आई हैं। इन घटनाओं के बाद श्राइन बोर्ड के आपदा प्रबंधन दल, सफाई कर्मचारी और अन्य संबंधित विभागों की टीमें युद्धस्तर पर मार्गों को बहाल करने में जुटी हुई हैं।

श्राइन बोर्ड प्रशासन द्वारा आवश्यक प्रबंध किए गए
यात्रा स्थगित होने के कारण श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए श्राइन बोर्ड प्रशासन द्वारा आवश्यक प्रबंध किए गए हैं। बड़ी संख्या में श्रद्धालु स्थानीय होटलों, गेस्ट हाउसों और धर्मशालाओं में ठहरे हुए हैं।
रविवार को दिनभर बारिश नहीं हुई, लेकिन आसमान में बादल छाए रहे और त्रिकुटा पर्वत पर भी घने बादलों का डेरा बना रहा। मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों को देखते हुए हेलीकॉप्टर सेवा, बैटरी कार सेवा, रोपवे तथा केबल कार सेवाएं भी फिलहाल बंद रखी गई हैं।
यात्रा स्थगित होने के चलते अधिकांश श्रद्धालु दिनभर प्रवेश द्वार दर्शनी डियोड़ी पर पहुंचकर मां वैष्णो देवी को नमन करते तथा यात्रा शीघ्र शुरू होने की प्रार्थना करते नजर आए।




