
गंगटोक : सिक्किम में लगातार हो रही बारिश के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग-10 (NH-10) पर 20वें माइल क्षेत्र में हुए भारी भूस्खलन के कारण यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया है। सड़क पर भारी मात्रा में मलबा और चट्टानें गिरने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं।राष्ट्रीय राजमार्ग एवं अवसंरचना विकास निगम लिमिटेड (NHIDCL) की टीम मौके पर पहुंचकर सड़क से मलबा हटाने और मार्ग को सुरक्षित बनाने का कार्य तेजी से कर रही है। इसके लिए जेसीबी और अन्य भारी मशीनों की मदद ली जा रही है।

अधिकारियों के मुताबिक, सड़क को पूरी तरह बहाल करने में अभी कुछ और समय लग सकता है। ऐसे में यात्रियों और वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे यात्रा पर निकलने से पहले सड़क की स्थिति की जानकारी अवश्य लें और संभव हो तो वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें।गौरतलब है कि एनएच-10 सिक्किम और पश्चिम बंगाल के बीच सबसे महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। इसके बंद होने से पर्यटकों, स्थानीय लोगों और मालवाहक वाहनों की आवाजाही बुरी तरह प्रभावित हुई है। प्रशासन का कहना है कि सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सड़क को जल्द से जल्द चालू करने के प्रयास किए जा रहे हैं।




