
संतकबीर नगर : उत्तर प्रदेश के संतकबीर नगर जिले के धनघटा क्षेत्र स्थित लगभग 300 वर्ष पुराने ऐतिहासिक बाबा बैजूनाथ मंदिर का ढांचा लगातार बारिश के चलते रविवार को अचानक ढह गया। बताया जा रहा है कि बारिश के कारण मंदिर की जर्जर दीवारें कमजोर हो गई थीं, जिससे पूरा भवन भरभराकर गिर पड़ा।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे से पहले मंदिर की दीवारों में दरारें दिखाई दी थीं। कुछ ही देर बाद पूरा ढांचा ध्वस्त हो गया। राहत की बात यह रही कि उस समय मंदिर परिसर में कोई श्रद्धालु मौजूद नहीं था, जिससे किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।

यह मंदिर हाल ही में उस समय चर्चा में आया था, जब 25 जून को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यहां पहुंचकर पूजा-अर्चना की थी। जनसभा में शामिल होने से पहले उन्होंने मंदिर के संरक्षण और इसे पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए थे।मंदिर गिरने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और श्रद्धालु मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से ऐतिहासिक मंदिर के जल्द पुनर्निर्माण और संरक्षण की मांग की है। उनका कहना है कि यह मंदिर क्षेत्र की धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण केंद्र है, इसलिए इसके जीर्णोद्धार में देरी नहीं होनी चाहिए।




