
पश्चिम बंगाल में जहांगीर खान मामले ने अब नया मोड़ ले लिया है। पुलिस ने TMC के फलता उम्मीदवार जहांगीर खान की पत्नी सरीना बीबी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, सरीना बीबी एक कार बुक कर इलाके से निकलने की कोशिश कर रही थीं, तभी उन्हें हिरासत में लिया गया। उनके खिलाफ कई गैर-जमानती धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। इस केस में अब तक कुल 27 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। सरीना बीबी पर आरोप है कि उन्होंने पुलिस कस्टडी से अपने पति को छुड़ाने की कोशिश की थी। आरोपों के मुताबिक, इस दौरान थाने के बाहर भारी हंगामा हुआ और पुलिस टीम का विरोध किया गया। पुलिस का यह भी दावा है कि इस घटनाक्रम के दौरान पथराव हुआ और हालात तनावपूर्ण हो गए।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, जहांगीर खान की पत्नी के नेतृत्व में कुछ लोग थाने पहुंचे थे और कथित तौर पर अपने पति को छुड़ाने की योजना बनाई गई थी। इस दौरान गांव के कुछ लोग भी वहां जुट गए। पुलिस का कहना है कि स्थिति बिगड़ने की आशंका के बीच सेंट्रल फोर्स और स्थानीय पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा और भीड़ को हटाने के लिए कार्रवाई की गई।घटना के बाद पुलिस ने मामले में खुद एफआईआर दर्ज की और जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को सरीना बीबी की लोकेशन मिली, जिसके बाद दक्षिण 24 परगना इलाके से उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल उनसे पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।इस घटना के बाद इलाके में राजनीतिक हलचल भी तेज हो गई। घटना के अगले दिन विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी फलता पहुंचे और प्रशासन से मामले में शामिल सभी लोगों के खिलाफ कानून के मुताबिक कार्रवाई करने की मांग की। इसके बाद पुलिस की कार्रवाई और तेज होती दिखाई दी। अब इस पूरे मामले पर सबकी नजर है कि जांच में आगे क्या खुलासे सामने आते हैं।






