
नई दिल्लीः देश में मानसून की दस्तक के बावजूद कई राज्यों में गर्मी का सितम जारी है। दिल्ली समेत उत्तर और मध्य भारत के कई हिस्सों में लोग दिन ही नहीं, रात में भी उमस और गर्म हवाओं से परेशान हैं। महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों के लिए लू का अलर्ट भी जारी किया गया है।इसी बीच मौसम विभाग ने राहत और चेतावनी—दोनों का नया अपडेट जारी किया है। अगले 24 घंटों के दौरान दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार और राजस्थान के कई हिस्सों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है। इससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।

दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब में 20 से 22 जून के बीच मौसम अचानक बदल सकता है। कई इलाकों में आंधी-तूफान और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है, जबकि कुछ जगहों पर यह 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 20 और 25 जून तथा पूर्वी यूपी में 24 जून को बारिश के आसार हैं। राजस्थान के लिए मौसम विभाग ने अलग तरह की चेतावनी जारी की है। पश्चिमी और पूर्वी राजस्थान में तेज धूल भरी आंधी चल सकती है। हवा की रफ्तार 50–60 किलोमीटर प्रति घंटे से बढ़कर 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है। कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश भी हो सकती है, जबकि 24 और 25 जून के दौरान पश्चिमी राजस्थान में तेज बारिश की संभावना जताई गई है।

वहीं छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और विदर्भ के लोगों को भी राहत मिल सकती है। 20 से 25 जून के बीच इन इलाकों में बारिश और तेज हवाओं का अनुमान है। झारखंड में भी 21 से 25 जून तक गरज-चमक, बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। बिहार में 20 से 23 जून के बीच हल्की बारिश और तेज हवाओं के चलते गर्मी से राहत मिलने की संभावना है।पहाड़ी राज्यों में भी मौसम बिगड़ सकता है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश के साथ कुछ इलाकों में ओलावृष्टि और तेज हवाएं चल सकती हैं।हालांकि राहत के बीच चेतावनी भी है। मौसम विभाग के मुताबिक बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश, तेलंगाना, कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र, कर्नाटक और विदर्भ के कुछ इलाकों में अगले कुछ दिनों तक भीषण गर्मी और हीटवेव का असर बना रह सकता है। ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने और मौसम अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है।





