
नई दिल्ली: दिल्ली के जंतर-मंतर पर शनिवार को उस समय हंगामा मच गया, जब कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके पर एक महिला ने कथित तौर पर स्याही फेंक दी और उन्हें थप्पड़ मारने की भी कोशिश की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें महिला अचानक दीपके के पास पहुंचकर स्याही फेंकती दिखाई दे रही है। यह घटना उस समय हुई, जब दीपके प्रदर्शन स्थल पर मौजूद समर्थकों और प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर रहे थे। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत महिला को रोक लिया, जिसके बाद वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

इससे पहले शनिवार सुबह दिल्ली पुलिस ने 21 दिनों से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को स्वास्थ्य खराब होने पर जंतर-मंतर से सफदरजंग अस्पताल पहुंचाया। इसके बाद अभिजीत दीपके ने भी अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू करने का ऐलान किया। इसी दौरान उनके साथ यह घटना हुई। दीपके ने आरोप लगाया कि प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कार्रवाई के दौरान पुलिस ने उनके साथ धक्का-मुक्की की और हिरासत में भी लिया। हालांकि, पुलिस का कहना है कि वांगचुक को मेडिकल सलाह और अदालत के निर्देशों के तहत अस्पताल ले जाया गया।

जंतर-मंतर पर जारी यह आंदोलन विभिन्न मुद्दों को लेकर चल रहे प्रदर्शन का हिस्सा है, जिसमें कई छात्र संगठन और सामाजिक कार्यकर्ता भी शामिल हैं। प्रदर्शन स्थल पर पहले से भूख हड़ताल कर रहे अन्य प्रदर्शनकारी भी अपना आंदोलन जारी रखे हुए हैं। वहीं, पुलिस ने प्रदर्शनकारियों से शांतिपूर्ण ढंग से कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है। घटना के बाद अभिजीत दीपके पर स्याही फेंके जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।





