
UP Weather Today: देशभर में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है और उत्तर प्रदेश में भी इसका असर साफ दिखाई दे रहा है। प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी है। इसी बीच मौसम विभाग ने सोमवार के लिए बड़ा अलर्ट जारी करते हुए 59 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। इसके साथ ही 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार राजधानी लखनऊ में सोमवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। यहां अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि उत्तरी ओडिशा तट के पास बने मौसम तंत्र का असर उत्तर प्रदेश के मौसम पर भी पड़ रहा है। इसके चलते अगले दो दिनों तक प्रदेश में मानसून कुछ कमजोर रह सकता है। हालांकि पश्चिमी और दक्षिणी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने की संभावना है। आज जिन जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है उनमें अयोध्या, कानपुर, उन्नाव, कन्नौज, देवरिया, लखनऊ, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अंबेडकर नगर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, जौनपुर, गाजीपुर, भदोही, मिर्जापुर, वाराणसी, बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, मथुरा, हाथरस, प्रतापगढ़, सोनभद्र, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, मेरठ, बागपत, हापुड़, गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर, बुलंदशहर और अमरोहा समेत कुल 59 जिलों के नाम शामिल हैं। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, तेज हवाओं और बारिश के समय अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है।







