अभिषेक बनर्जी से चार दिन में 31 घंटे की पूछताछ के बाद दो और FIR दर्ज, 550 करोड़ रुपये के भ्रष्टाचार का है मामला

कोलकाता। तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। अब 550 करोड़ रुपये के कथित भ्रष्टाचार के मामले में अभिषेक के खिलाफ उनके संसदीय क्षेत्र डायमंड हार्बर में दो एफआइआर दर्ज कराई गई है।पहली एफआइआर 300 करोड़ रुपये की मिट्टी चोरी के आरोप में दक्षिण 24 परगना के कालीतला थाने में दर्ज कराई गई है। दूसरी एफआइआर जिले के विष्णुपुर थाने में चक्रवात एंफन की राहत सामग्री में 250 करोड़ रुपये के भ्रष्टाचार के आरोप में दर्ज कराई गई है।

एफआईआर में कई प्रशासनिक अधिकारियों का भी नाम

एफआईआर में अभिषेक के निजी सचिव सुमित राय तथा तत्कालीन ब्लाक स्तर के कई प्रशासनिक अधिकारियों के भी नाम हैं। भाजपा नेता अभिजीत दास ने यह एफआइआर दर्ज कराई है। एफआइआर में कई गैर जमानती धाराएं भी लगाई गई हैं।

कई मामलों में चल रही है पूछताछ

बता दें कि विभिन्न मामलों में अभिषेक बनर्जी से लगातार पूछताछ की जा रही है। विधानसभा चुनाव के दौरान भड़काऊ भाषण देने के मामले में सीआइडी ने मंगलवार को उनसे कोलकाता स्थित भवानी भवन में साढ़े छह घंटे पूछताछ की। यह लगातार तीसरा दिन रहा जब किसी जांच एजेंसी ने अभिषेक से किसी मामले में पूछताछ की है।

शिक्षक भर्ती घोटाला मामले में पूछताछ जारी

इसके अलावा सोमवार को शिक्षक भर्ती घोटाले में ईडी के अधिकारियों ने उनसे 11 घंटे तक पूछताछ की थी। इससे पहले, रविवार को विधानसभा में तृणमूल विधायकों के जाली हस्ताक्षर मामले में सीआइडी अधिकारियों ने उनसे साढ़े आठ घंटे तक पूछताछ की थी। इसी मामले में गत बुधवार को उनसे साढ़े पांच घंटे पूछताछ हुई थी। इस प्रकार चार दिनों में जांच एजेंसियों ने अभिषेक से कुल साढ़े 31 घंटे पूछताछ की है।

About The Author