
कोरिया : छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में अवैध रेत कारोबार को लेकर चला आ रहा विवाद मंगलवार देर रात हिंसक झड़प में बदल गया। सोनहत तहसील के नवगई क्षेत्र में हुई घटना में भाजपा नेता और सोनहत जनपद पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष भरत सिंह गहरवार उर्फ लल्ला सिंह की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव की स्थिति को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।

जानकारी के अनुसार, लल्ला सिंह अपने समर्थकों के साथ फॉर्च्यूनर वाहन में पहुंचे थे। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया। आरोप है कि बड़ी संख्या में मौजूद लोगों ने वाहन को घेर लिया और एक भारी वाहन से कई बार टक्कर मारकर उसे रोक दिया। इसके बाद वाहन में आग लग गई, जिसमें भरत सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।घटना के दौरान वाहन में मौजूद अन्य लोग बाहर निकलने की कोशिश में झुलस गए। घायलों को पहले बैकुंठपुर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए आगे रेफर किया गया।

रेत कारोबार को लेकर पहले से था विवाद
स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि दोनों पक्षों के बीच रेत कारोबार को लेकर लंबे समय से तनाव चल रहा था। बताया जा रहा है कि घटना से कुछ घंटे पहले भी दोनों पक्षों के बीच विवाद और मारपीट की स्थिति बनी थी, जिसके बाद मामला और भड़क गया।सूत्रों के मुताबिक, देर रात बातचीत के दौरान स्थिति नियंत्रण से बाहर हो गई और हिंसक टकराव सामने आया। मौके पर मौजूद कुछ वाहन वहां से निकल गए, जबकि अन्य को रोक लिया गया।
जांच में जुटी पुलिस, कई लोग हिरासत में
घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने प्रारंभिक कार्रवाई करते हुए कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया है। अधिकारियों का कहना है कि जांच और तकनीकी रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इलाके में बढ़ाई गई सुरक्षा
घटना के बाद सोनहत और आसपास के क्षेत्रों में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है।
कौन थे लल्ला सिंह?
भरत सिंह गहरवार उर्फ लल्ला सिंह क्षेत्र के प्रभावशाली राजनीतिक और कारोबारी चेहरों में गिने जाते थे। वे सोनहत जनपद पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष रह चुके थे और हाल के वर्षों में भाजपा से जुड़े हुए थे। इलाके में उनके परिवार का ठेका और क्रशर कारोबार से भी संबंध बताया जाता है।






