
मुंबई/नई दिल्ली: शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) पार्टी में फूट की संभावना अब खुलकर सामने आ गई है। पार्टी के नौ लोकसभा सांसदों में से सिर्फ तीन ने बुधवार को नई दिल्ली में हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में हिस्सा लिया। ये तीन सांसद अरविंद सावंत, राजाभाऊ वाजे और अनिल देसाई थे। बाकी छह सांसदों के नहीं आने से यह लगभग तय हो गया है कि वे पार्टी छोड़ने वाले हैं। इस माहौल में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राज्यसभा सांसद संजय राउत अपना आपा खोते हुए दिखे। उन्होंने बगावत करने की तैयारी कर रहे सांसदों के लिए अपशब्दों का इस्तेमाल किया।
संजय राउत ने कहा कि सांसद और विधायक के पद आते-जाते रहते हैं। आज हम सांसद हैं। कल शायद न रहें। लेकिन हम यह नहीं भूल सकते कि इस पार्टी ने हमें क्या दिया है। बालासाहेब ठाकरे ने हम सबको अपने बच्चों की तरह पाला-पोसा और उद्धव ठाकरे ने हमेशा हमें भाई की तरह प्यार दिया है। संजय राउत ने अपना गुस्सा जाहिर करते हुए कहा कि पार्टी छोड़ने वाले ये *%$# लोग गद्दार हैं। हमें लगता है कि गद्दारी उनके खून में है। मैं किसी खास पार्टी या व्यक्ति का नाम नहीं ले रहा।




