
नई दिल्ली : – UGC-NET को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने इंग्लिश, कॉमर्स और सोशियोलॉजी विषयों की परीक्षाएं रद्द कर दी हैं। प्रश्नपत्रों में स्पेलिंग, प्रिंटिंग, टाइपिंग और अनुवाद से जुड़ी कई गलतियां मिलने के साथ पहले पूछे जा चुके सवाल दोबारा शामिल किए गए थे। छात्रों की शिकायतों के बाद गठित समिति की रिपोर्ट के आधार पर NTA ने तीनों विषयों की परीक्षा दोबारा कराने का फैसला लिया है।

NTA के मुताबिक, इन तीनों विषयों की री-एग्जाम 9 और 10 सितंबर को होगी। इंग्लिश की परीक्षा 9 सितंबर को सुबह 9 से दोपहर 12 बजे तक, कॉमर्स की परीक्षा उसी दिन दोपहर 3 से शाम 6 बजे तक और सोशियोलॉजी की परीक्षा 10 सितंबर को सुबह 9 से दोपहर 12 बजे तक आयोजित की जाएगी। खास बात यह है कि दोबारा परीक्षा के लिए अभ्यर्थियों से कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाएगा। जांच समिति ने प्रश्नपत्रों में तथ्य संबंधी गलतियां, टाइपिंग और अनुवाद की त्रुटियां, नाम और किताबों के नाम में गड़बड़ी, व्याकरण और विराम चिह्नों की गलतियां समेत कई खामियां पाईं। NTA ने कहा कि इन गलतियों को सिर्फ संबंधित सवाल हटाकर ठीक करना संभव नहीं था, इसलिए पूरी परीक्षा रद्द करनी पड़ी। वहीं, 87 में से 84 विषयों की प्रोविजनल आंसर-की जारी की जा चुकी है। UGC-NET परीक्षा 22 से 30 जून के बीच आयोजित हुई थी, जबकि इन तीन विषयों के अभ्यर्थियों को अब सितंबर में दोबारा परीक्षा देनी होगी।






