
नई दिल्ली : सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के बाद अब ‘दिमागी नक्सल पार्टी’ नाम से बनाया गया एक नया अकाउंट तेजी से चर्चा में है। दावा है कि इस अकाउंट ने महज 24 घंटे के भीतर 1.7 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स जुटा लिए। अकाउंट इसी महीने बनाया गया बताया जा रहा है और इसकी जानकारी के मुताबिक यूजरनेम में एक बार बदलाव किया गया है। फिलहाल यहां 63 पोस्ट मौजूद हैं, जबकि अकाउंट करीब 35 लोगों को फॉलो करता है।हालांकि, इसे संचालित करने वाले व्यक्ति या समूह की पहचान सार्वजनिक नहीं है।‘दिमागी नक्सल पार्टी’ नाम से अकाउंट ऐसे समय सामने आया है, जब स्वतंत्रता दिवस के अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सशस्त्र नक्सलवाद के साथ-साथ ‘दिमागी नक्सल’ शब्द का इस्तेमाल किया था।

पीएम मोदी ने कहा था कि जंगलों में हथियार उठाने वाले नक्सलियों के खिलाफ लड़ाई के बावजूद कुछ ऐसे तत्व अब भी मौजूद हैं, जो देश को गलत दिशा में ले जाने की कोशिश कर सकते हैं। उनके इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर ‘दिमागी नक्सल’ नाम से कई अकाउंट और पोस्ट सामने आने लगे हैं।केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने भी ‘दिमागी नक्सल’ शब्द की व्याख्या करते हुए कहा कि इसका इस्तेमाल उन लोगों के लिए किया गया है, जो माओवादियों का समर्थन करते हैं, भारतीय संविधान को नहीं मानते या अलगाववादी विचारों के साथ खड़े होते हैं। उन्होंने जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 के समर्थन और देश के पूर्वोत्तर हिस्से को भारत से अलग करने की कथित कोशिशों का भी जिक्र किया। इसी राजनीतिक बहस के बीच ‘दिमागी नक्सल पार्टी’ नाम का इंस्टाग्राम अकाउंट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।





