
कोलकाता:पश्चिम बंगाल विधानसभा सत्र का आज पहला दिन है. सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले आज एक वीडियो ने सबका ध्यान खींच लिया. वीडियो में सीएम शुभेंदु अधिकारी ने आज परिसर में घुसने से पहले कुछ अलग किया. शुभेंदु पहले घुटनों के बल बैठे और सीढ़ियों पर सिर झुकाकर लोकतंत्र के मंदिर के सामने नतमस्तक हो गए. वहां उनके अलावा और भी नेता अधिकारी मौजूद थे. शुभेंदु अधिकारी का ये वीडियो अब खूब वायरल हो रहा है.आज पश्चिम बंगाल विधानसभा का सत्र है. शुभेंदु सरकार का भी यह पहला दिन है. इसी के चलते मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सदन के अंदर दाखिल होने से पहले सीढ़ियों पर सिर झुकाकर सम्मानूर्वक विधानसभा को नमन किया. इसके बाद वह अपने मंत्रियों संग अंदर चले गए.
शुभेंदु के इस वीडियो को देख पीएम मोदी के 2014 वाले उस पल की याद आ गई जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोकसभा के अंदर दाखिल होने से पहले सीढ़ियों पर मत्था टेका था. उस तस्वीर की भी खूब चर्चा हुई थी. पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सोमवार को अपनी मंत्रिपरिषद के पांच सदस्यों के बीच विभागों का बंटवारा कर दिया है. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता दिलीप घोष को पशु संसाधन विकास और कृषि विपणन के साथ-साथ पंचायत और ग्रामीण विकास विभाग का प्रभार दिया गया है. अग्निमित्रा पॉल को महिला एवं बाल विकास एवं समाज कल्याण विभाग और नगरपालिका मामलों का प्रभार दिया गया है, जबकि अशोक कीर्तनिया को खाद्य एवं आपूर्ति एवं सहकारिता विभाग सौंपे गए हैं. खुदीराम टुडू को जनजातीय विकास, पिछड़ा वर्ग कल्याण और अल्पसंख्यक मामलों तथा मदरसा शिक्षा विभाग का मंत्री बनाया गया है.निसिथ प्रमाणिक को उत्तर बंगाल विकास विभाग के साथ-साथ युवा एवं खेल विभाग की भी जिम्मेदारी सौंपी गई है.अधिसूचना में कहा गया है, ‘‘बाकी विभागों का कामकाज मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी देखेंगे.”भाजपा के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि विभागों का बंटवारा पार्टी की ओर से संगठनात्मक अनुभव और क्षेत्रीय एवं सामाजिक प्रतिनिधित्व के बीच संतुलन बनाने के प्रयास को दर्शाता है.





