
नई दिल्ली : NEET-UG पेपर लीक मामले की जांच अब और तेज हो गई है। इसी कड़ी में केंद्रीय जांच ब्यूरो यानी Central Bureau of Investigation (CBI) की टीम सोमवार को National Testing Agency (NTA) मुख्यालय पहुंची।सूत्रों के मुताबिक, करीब पांच सदस्यीय CBI टीम NTA अधिकारियों से मामले से जुड़ी अहम जानकारी और दस्तावेज जुटाने पहुंची है। जांच एजेंसी परीक्षा संचालन, पेपर सुरक्षा व्यवस्था, प्रश्नपत्र वितरण प्रक्रिया और अधिकारियों की भूमिका से जुड़े पहलुओं की पड़ताल कर रही है।

बताया जा रहा है कि CBI टीम NTA के कुछ अधिकारियों से पूछताछ भी कर सकती है। जांच एजेंसी इस बात का पता लगाने में जुटी है कि पेपर लीक कैसे हुआ और इसमें किन-किन लोगों की भूमिका रही।गौरतलब है कि NEET पेपर लीक मामले को लेकर देशभर में लगातार विवाद और विरोध देखने को मिल रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए केंद्र सरकार ने जांच CBI को सौंप दी थी।इसके बाद से एजेंसी कई राज्यों में छापेमारी और पूछताछ कर रही है। फिलहाल NTA मुख्यालय में CBI की कार्रवाई जारी है और आने वाले समय में जांच में कई बड़े खुलासे होने की संभावना है।






