
दुर्ग : जिला अस्पताल की अटल आरोग्य लैब से कर्मचारियों की लापरवाही का एक वीडियो सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हलचल मच गई है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में महिला टेक्नीशियंस लैब के भीतर ड्यूटी के दौरान रील बनती नजर आ रही हैं। जिस जगह मरीजों के ब्लड सैंपल और दूसरी जरूरी जांच की जाती हैं, वहां इस तरह वीडियो बनाए जाने को लेकर अस्पताल की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।

वीडियो वायरल होने के बाद अस्पताल प्रबंधन ने मामले को गंभीरता से लिया है। सिविल सर्जन डॉ. आशीषन मिंज ने अटल आरोग्य लैब के प्रभारी जेपी मेश्राम को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है। प्रबंधन यह पता लगाने में जुटा है कि वीडियो कब बनाया गया और उस समय लैब में मरीजों की जांच का काम किस तरह चल रहा था। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि वीडियो रिकॉर्डिंग के दौरान मरीजों के सैंपल, रिपोर्ट या उनकी निजी मेडिकल जानकारी तो कैमरे में नहीं आई।

रोजाना सैकड़ों मरीजों की होती है जांच
अटल आरोग्य लैब जिला अस्पताल की महत्वपूर्ण जांच इकाइयों में शामिल है। यहां मरीजों को करीब 134 तरह की पैथोलॉजी जांच मुफ्त उपलब्ध कराई जाती हैं। ऐसे में लैब में काम करने वाले कर्मचारियों से जांच प्रक्रिया के दौरान पूरी सावधानी और जिम्मेदारी की अपेक्षा रहती है। ड्यूटी के समय रील बनाए जाने की घटना ने लैब में निगरानी और अनुशासन की व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।सिविल सर्जन ने साफ किया है कि अस्पताल जैसे संवेदनशील संस्थान में कर्मचारियों को अपनी जिम्मेदारी और कार्यस्थल की गरिमा का ध्यान रखना होगा। ड्यूटी के दौरान इस तरह की गतिविधियों को गंभीर अनुशासनहीनता माना जाएगा और मामले की जांच के आधार पर आगे कार्रवाई की जा सकती है।

कुछ दिन पहले गलत HIV रिपोर्ट को लेकर हुआ था विवाद
अटल आरोग्य लैब पहले भी जांच रिपोर्ट को लेकर विवादों में आ चुकी है। कुछ दिन पहले अस्पताल में भर्ती 24 वर्षीय युवक की HIV जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उसके परिवार में चिंता फैल गई थी। परिजनों ने रिपोर्ट पर सवाल उठाते हुए दोबारा जांच की मांग की। दोबारा जांच में रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया था।इस घटना के बाद लैब की जांच प्रक्रिया, मशीनों के कैलिब्रेशन और तकनीकी व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठे थे। अब ड्यूटी के दौरान रील बनाने का वीडियो सामने आने के बाद लैब की कार्यसंस्कृति एक बार फिर चर्चा में है।हालांकि, HIV रिपोर्ट में हुई कथित जांच संबंधी गलती और रील बनाने की घटना के बीच कोई सीधा तकनीकी संबंध नहीं है, लेकिन दोनों मामलों ने लैब में कर्मचारियों की सतर्कता और अनुशासन को लेकर सवाल जरूर खड़े किए हैं। फिलहाल अस्पताल प्रबंधन वीडियो की पूरी पड़ताल कर रहा है। जांच पूरी होने के बाद संबंधित कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।





