
बिलासपुर : छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में देर रात हुए हिंसक विवाद के बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। मामले में दोनों पक्षों के 50 से अधिक लोगों के खिलाफ नामजद और अन्य आरोपियों के तौर पर FIR दर्ज की गई है। पुलिस ने बलवा सहित कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है। FIR में धारा 307 और 191 भी जोड़ी गई हैं।पुलिस अब घटना में शामिल लोगों की पहचान के लिए तकनीक का सहारा ले रही है। मौके और आसपास लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली जा रही है, वहीं ड्रोन से बनाए गए वीडियो के जरिए भी भीड़ में शामिल लोगों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक, उपद्रव में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

बताया जा रहा है कि देर रात शुरू हुआ एक विवाद कुछ ही देर में हिंसक झड़प में बदल गया। दोनों पक्षों की ओर से पथराव होने लगा, जिससे इलाके में तनाव की स्थिति पैदा हो गई। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। हालात संभालने के लिए आंसू गैस का इस्तेमाल किया गया और पुलिस ने बल प्रयोग कर भीड़ को तितर-बितर किया।घटना की जानकारी मिलते ही एसपी रजनेश सिंह और कलेक्टर संजय अग्रवाल मौके पर पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने देर रात तक घटनास्थल की स्थिति और सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी की। तनाव को देखते हुए इलाके में बड़ी संख्या में पुलिस जवानों की तैनाती की गई। इसके अलावा दूसरे जिलों से भी अतिरिक्त बल बुलाया गया।

हिंसक झड़प के दौरान दोनों पक्षों के 20 से अधिक लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। कुछ पुलिसकर्मियों के घायल होने की भी बात कही जा रही है। घटना के बाद संवेदनशील इलाकों में पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई और रातभर सुरक्षा बल तैनात रहा।प्रशासन का कहना है कि फिलहाल शहर में स्थिति नियंत्रण में है। अधिकारियों की ओर से लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी तरह की अफवाह पर पर भरोसा नहीं करने की अपील की गई है।





