
बुधवार को राजद के विधानसभा मार्च के दौरान पटना की सड़कों पर जमकर हंगामा हुआ। राजद कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए पुलिस को वाटर कैनन का उपयोग करना पड़ा। इसके बाद बिहार पुलिस ने तेजस्वी यादव को हिरासत में ले लिया।
राजद द्वारा यह मार्च बिहार में नीट प्रश्नपत्र लीक के खिलाफ हुए आंदोलन के दौरान कथित पुलिस ज्यादती के विरोध में निकाला गया। इसी मार्च के तेजस्वी यादव को आयकर गोलंबर के पास हिरासत में ले लिया गया। राजद का यह प्रोटेस्ट मार्च पटना में जेपी गोलंबर से शुरू हुआ और इसे शहर के प्रमुख चौराहे डाक बंगला चौराहा होते हुए बिहार लोक भवन पहुंचना था।
हिरासत में लिए जाने के बाद मीडिया से तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार सरकार छात्रों, नौजवानों और जनता से डरी हुई है। बिहार सरकार हमें कब तक रोकेगी, कब तक गोलियां चलाएगी और कब तक जेल भेजेगी। उन्होंने कहा, “जो सत्ता में आया है, उसका जाना तय है, कोई परमानेंट नहीं होता, सबका हिसाब लिया जाएगा।”




