
नई दिल्ली। बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान अपनी निजी जिंदगी के नए अध्याय की शुरुआत करने जा रहे हैं। आमिर खान ने पुष्टि की है कि वह अपनी लंबे समय की पार्टनर गौरी स्प्रैट से 5 जुलाई, 2026 को शादी करेंगे आमिर और गौरी पिछले दो साल से अधिक समय से एक-दूसरे के साथ हैं। इस फैसले पर बात करते हुए आमिर खान ने ‘वैरायटी इंडिया’ को दिए इंटरव्यू में कहा, “शादी की खबर सच है। यह 5 जुलाई को है।”

जानकारी के अनुसार, यह शादी किसी भव्य आयोजन के बजाय बेहद सादगी से की जाएगी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कपल घर पर ही एक प्राइवेट और इंटीमेट सेरेमनी में रजिस्टर्ड मैरिज करेगा, जिसमें केवल परिवार के सदस्य और कुछ बेहद करीबी दोस्त ही शामिल होंगे। आमिर खान ने बताया कि वह इस शादी को बेहद साधारण रखना चाहते हैं। उनके अनुसार, यह समारोह पूरी तरह निजी होगा और किसी बड़े जश्न या भव्य रिसेप्शन की योजना नहीं है। शादी की तैयारियों के चलते आमिर खान ने फिलहाल अपने काम से ब्रेक लिया है। वह इन दिनों राजकुमार हिरानी की फिल्म ‘3 इडियट्स 2’ की तैयारियों में भी व्यस्त थे। यह फिल्म 2009 की सुपरहिट फिल्म ‘3 इडियट्स’ का सीक्वल है।

गौरी स्प्रैट मूल रूप से बेंगलुरु की रहने वाली हैं और फैशन, ब्यूटी और वेलनेस इंडस्ट्री से जुड़ी रही हैं। वह लंबे समय से लाइफस्टाइल और सैलून सेक्टर में काम कर रही हैं और वर्तमान में मुंबई में रहती हैं। गौरी एक बेटे की मां भी हैं। आमिर खान ने मार्च 2025 में अपने 60वें जन्मदिन के मौके पर गौरी को सार्वजनिक रूप से परिचित कराया था और तब से दोनों कई बार साथ नजर आए हैं।

आमिर खान की पर्सनल लाइफ
आमिर खान की यह तीसरी शादी होगी। इससे पहले वह रीना दत्ता से 1986 से 2002 तक विवाहित रहे, जिनसे उनके दो बच्चे हैं — जुनैद खान और इरा खान। बाद में उन्होंने 2005 में किरण राव से शादी की थी और 2021 में दोनों ने अलग होने की घोषणा की। इस रिश्ते से उनका एक बेटा आज़ाद राव खान है।







