
रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 जुलाई को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत देशभर के 75 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का लोकार्पण करेंगे। इनमें छत्तीसगढ़ के सरोना और बालोद रेलवे स्टेशन भी शामिल हैं। इस योजना के तहत स्टेशनों को आधुनिक, सुरक्षित, सुगम और यात्री-अनुकूल सुविधाओं से विकसित किया गया है। इसी क्रम में रायपुर मंडल के डीआरएम दयानंद ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात कर केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव की ओर से उन्हें उद्घाटन समारोह का आमंत्रण सौंपा। इस दौरान दोनों स्टेशनों पर विकसित नई यात्री सुविधाओं और अधोसंरचना उन्नयन को लेकर भी चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना भारतीय रेलवे को आधुनिक और यात्री-केंद्रित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार जताते हुए कहा कि रेलवे स्टेशनों के आधुनिकीकरण से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, वहीं व्यापार, पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई गति मिलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि मजबूत रेल नेटवर्क से छत्तीसगढ़ में निवेश, उद्योग और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे तथा प्रदेश के समग्र विकास को नया आयाम मिलेगा।




