
रायपुर। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और डीडी नगर थाना पुलिस ने मोबाइल हैक कर बैंक खातों से लाखों रुपये की साइबर ठगी करने वाले दो अंतरराज्यीय आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने फर्जी टेक्स्ट मैसेज भेजकर एक चार्टर्ड अकाउंटेंट का मोबाइल हैक किया और उनके यूको बैंक व एक्सिस बैंक खातों से 8 से 10 नवंबर 2025 के बीच कुल 3.94 लाख रुपये की अनधिकृत ऑनलाइन निकासी कर ली। पीड़ित की शिकायत पर डीडी नगर थाने में मामला दर्ज कर तकनीकी जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान बैंकिंग ट्रांजेक्शन, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पुलिस ने झारखंड के बोकारो से विशाल कुमार सिंह और महेश प्रसाद सिंह को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने साथियों के साथ मिलकर फर्जी मैसेज के जरिए मोबाइल हैक कर साइबर ठगी करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने उनके कब्जे से दो मोबाइल फोन, एक चेक बुक और 2,000 रुपये नकद बरामद किए हैं। मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है और गिरोह के पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए बैंक खातों, मोबाइल नंबरों, डिजिटल उपकरणों और सोशल मीडिया गतिविधियों की जांच की जा रही है।



