
नई दिल्ली: संसद भवन के जीएमसी बालयोगी ऑडिटोरियम में मंगलवार को एनडीए संसदीय दल की ‘मंगल मिलन’ बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने पर सम्मानित करना और राज्यसभा के नवनिर्वाचित सदस्यों का स्वागत करना रहा।

बैठक को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने पेपर लीक के मुद्दे पर सख्त संदेश दिया। उन्होंने कहा कि सरकार इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। युवाओं का भविष्य सुरक्षित रखना राष्ट्रीय जिम्मेदारी है और परीक्षा प्रणाली को अधिक पारदर्शी व त्रुटि रहित बनाने के लिए लगातार काम किया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि पेपर लीक के दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और इस मुद्दे पर राजनीति से ऊपर उठकर सभी दलों को साथ आना चाहिए।

बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, किरेन रिजिजू, धर्मेंद्र प्रधान, अर्जुन राम मेघवाल, जितेंद्र सिंह समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। इस दौरान एनडीए सहयोगी दलों ने प्रधानमंत्री मोदी के सम्मान में बधाई प्रस्ताव भी पारित किया। वहीं, नवगठित नेशनलिस्ट सिटिजन्स पार्टी ऑफ इंडिया (NCPI) इस बैठक में शामिल नहीं हुई। बताया गया कि लोकसभा अध्यक्ष की ओर से पार्टी को अभी औपचारिक मान्यता नहीं मिलने के कारण उसने दूरी बनाए रखी। हालांकि, पार्टी नेता सुदीप बंद्योपाध्याय ने कहा कि उनका समूह एनडीए सरकार का समर्थन जारी रखेगा और संसद में सभी महत्वपूर्ण चर्चाओं में भाग लेगा।





