पटना : – पटना सिविल कोर्ट में शुक्रवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब परिसर को बम से उड़ाने की धमकी मिलने की खबर सामने आई। सूचना मिलते ही पुलिस ने बिना देर किए सुरक्षा व्यवस्था संभाली और कोर्ट परिसर को खाली करा दिया। मुख्य गेट बंद कर लोगों की आवाजाही रोक दी गई, जिसके बाद मौके पर मौजूद लोगों में बेचैनी का माहौल बन गया।

धमकी के बाद बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड को तत्काल बुलाया गया। सुरक्षा टीमों ने कोर्ट परिसर के अलग-अलग हिस्सों में सघन तलाशी अभियान शुरू किया। पुलिस की टीमें यह पता लगाने में जुटी हैं कि बम की धमकी आखिर किसने दी और इसे किस माध्यम से भेजा गया। मामले से जुड़े तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है। धमकी की वजह से कोर्ट की सामान्य कार्यवाही प्रभावित हुई और सुनवाई के लिए पहुंचे वकीलों व पक्षकारों को परेशानी उठानी पड़ी। सुरक्षा एजेंसियां किसी भी संभावित खतरे को लेकर पूरी सतर्कता बरत रही हैं। फिलहाल कोर्ट परिसर में जांच जारी है और पुलिस धमकी की सच्चाई के साथ-साथ इसके पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी हुई है।



