बांग्लादेशी नागरिक होने के संदेह में पकड़े गए 23 लोगों में 18 भारतीय निकले, 5 की जांच जारी …

बिलासपुर : – सिरगिट्टी इलाके में बांग्लादेशी नागरिक होने के संदेह में पकड़े गए 23 लोगों में से 18 के भारतीय नागरिक होने की पुष्टि हुई है। दस्तावेजों और पहचान के सत्यापन के बाद इन्हें करीब 15 दिन बाद रायपुर स्थित होल्डिंग/डिटेंशन सेंटर से रिहा कर दिया गया। वहीं, बाकी 5 लोगों की नागरिकता को लेकर जांच अभी जारी है। पुलिस ने इनके अतिरिक्त दस्तावेज और पहचान संबंधी रिकॉर्ड मंगाए हैं। जांच में कुछ दस्तावेज अधूरे या संदिग्ध पाए गए हैं, जबकि कुछ नाम एसआईआर से हटाए जाने की जानकारी भी सामने आई है।

पुलिस के मुताबिक, सिरगिट्टी क्षेत्र में संदिग्ध लोगों की पहचान के लिए करीब दो महीने तक अभियान चलाया गया, जिसमें 1162 लोगों की जांच हुई। इनमें 23 लोगों के दस्तावेज और पहचान संबंधी जानकारी संदिग्ध मिलने पर पुलिस ने विशेष जांच शुरू की। टीम ने पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद, जंगीपुर और संबंधित थाना क्षेत्रों में पहुंचकर उनके बताए पते और दस्तावेजों का सत्यापन कराया। शुरुआती जांच में कुछ दस्तावेजों में पिता की जगह ससुर का नाम दर्ज होने जैसी विसंगतियां भी सामने आई थीं। इसी के बाद 4 सितंबर को सभी 23 लोगों को अंतिम सत्यापन के लिए रायपुर भेजा गया था। जांच में सामने आया कि पकड़े गए अधिकांश लोग सिरगिट्टी इलाके में रहकर बाल के बदले बर्तन देने, टेंट-पंडाल लगाने और अन्य छोटे-मोटे काम करते थे। 18 लोगों के भारतीय नागरिक होने की पुष्टि के बाद उनकी रिहाई हो गई है, जबकि अब पुलिस की जांच का केंद्र बचे हुए पांच लोग हैं। इनके दस्तावेजों का संबंधित थाना और सरकारी रिकॉर्ड से दोबारा मिलान कराया जा रहा है। सत्यापन पूरा होने के बाद ही पुलिस इन पांचों के संबंध में आगे की कार्रवाई तय करेगी।

About The Author