Swift, Dzire और Baleno CNG में आया ऑटोमैटिक ऑप्शन, 36.47 km/kg तक माइलेज का दावा; कीमत ₹7.29 लाख से …

नई दिल्ली : – मारुति सुजुकी ने CNG कारों की रेंज में ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन का विस्तार करते हुए Swift, Dzire और Baleno S-CNG के नए ऑटोमैटिक वेरिएंट पेश किए हैं। कंपनी ने इन कारों में AGS (Automated Manual Transmission) का विकल्प दिया है। इसका मकसद CNG की कम रनिंग कॉस्ट के साथ शहर के ट्रैफिक में आसान ड्राइविंग का अनुभव देना है। कंपनी के मुताबिक, इन मॉडल्स में पहली बार S-CNG के साथ AGS तकनीक उपलब्ध कराई गई है।

तीनों मॉडल की शुरुआती कीमत

नए S-CNG ऑटोमैटिक मॉडल्स को चुनिंदा वेरिएंट में उतारा गया है। Swift S-CNG AMT की कीमत ₹7.29 लाख, Baleno S-CNG AMT की ₹8.32 लाख और Dzire S-CNG AMT की शुरुआती कीमत ₹8.53 लाख (एक्स-शोरूम) रखी गई है। तीनों मॉडल में 1.2-लीटर Z12E इंजन मिलता है, जिसे 5-स्पीड AMT गियरबॉक्स के साथ जोड़ा गया है। कंपनी के अनुसार, Dzire S-CNG AMT 36.47 km/kg, Swift S-CNG AMT 35.34 km/kg और Baleno S-CNG AMT 34.47 km/kg तक माइलेज दे सकती है।

CNG सिस्टम में सुरक्षा पर जोर, बिक्री भी बढ़ने का दावा

मारुति के मुताबिक, S-CNG सिस्टम में इंटेलिजेंट इंजेक्शन के साथ स्टेनलेस-स्टील पाइप और जॉइंट्स, इंटीग्रेटेड वायरिंग हार्नेस और CNG भरते समय इंजन को स्टार्ट होने से रोकने वाला माइक्रोस्विच दिया गया है। कंपनी का कहना है कि उसके S-CNG मॉडल्स की बिक्री में भी तेजी आई है। चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में S-CNG बिक्री सालाना आधार पर 58% बढ़ी, जबकि जुलाई में कंपनी ने 83,000 S-CNG यूनिट्स की रिकॉर्ड मासिक बिक्री दर्ज करने का दावा किया। कंपनी के सीनियर एग्जीक्यूटिव ऑफिसर पार्थो बनर्जी के मुताबिक, नए ऑटोमैटिक मॉडल उन ग्राहकों को ध्यान में रखकर लाए गए हैं जो माइलेज के साथ ट्रैफिक में आसान ड्राइविंग चाहते हैं।

About The Author