
नोएडा के सेक्टर-119 स्थित अरण्या सोसायटी में सोमवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब 21वीं मंजिल पर स्थित एक फ्लैट में भीषण आग लग गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आग लगने की वजह एसी में विस्फोट होने की आशंका जताई जा रही है। देखते ही देखते आग ने पूरे फ्लैट को अपनी चपेट में ले लिया और ऊंची-ऊंची लपटों के साथ घना काला धुआं आसमान में फैल गया। आग का भयावह मंजर देखकर सोसायटी में रहने वाले लोगों में दहशत फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की छह गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू कर दिया। आग की गंभीरता को देखते हुए गौतमबुद्धनगर के मुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFO) और सेक्टर-113 थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। दमकल कर्मी लगातार आग पर काबू पाने की कोशिश में जुटे हैं।

फायर विभाग के अनुसार, सेक्टर-113 थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली अरण्या सोसायटी के 21वें फ्लोर पर स्थित फ्लैट में आग लगने की सूचना मिलते ही फायर सर्विस की टीम को तुरंत रवाना किया गया। राहत की बात यह है कि अब तक किसी के फ्लैट में फंसे होने या किसी तरह की जनहानि की सूचना नहीं मिली है। हालांकि, आग से फ्लैट को भारी नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल, आग लगने के सही कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती तौर पर एसी में विस्फोट की बात सामने आई है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी







