अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप चीन पहुंच चुके हैं। शेनझेन एयरपोर्ट पर चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने खुद उनका स्वागत किया। ट्रंप के दौरे को लेकर चीन में खास तैयारियां की गई हैं और उनके स्वागत के लिए औपचारिक समारोह भी आयोजित किया गया। इस यात्रा का सबसे अहम पड़ाव एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (APEC) शिखर सम्मेलन के दौरान होने वाली त्रिपक्षीय बैठक है। इसमें ट्रंप, शी जिनपिंग और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन एक साथ मुलाकात करेंगे। तीनों देशों के राष्ट्राध्यक्षों की यह पहली ऐसी त्रिपक्षीय बैठक होगी।
यह मुलाकात 19 नवंबर को चीन के शेनझेन शहर में होगी। व्हाइट हाउस और चीन के विदेश मंत्रालय की ओर से बैठक की पुष्टि की गई है।
चीन इस साल APEC शिखर सम्मेलन की मेजबानी कर रहा है, जिसका आयोजन 18 और 19 नवंबर को किया जा रहा है। इस बैठक का महत्व इसलिए भी बढ़ जाता है, क्योंकि अमेरिका, रूस और चीन दुनिया की प्रमुख परमाणु सैन्य शक्तियों में शामिल हैं। इन देशों के बीच किसी भी तरह का तनाव या टकराव वैश्विक स्तर पर असर डाल सकता है। वहीं, ट्रंप के दौरे में अमेरिका और चीन के व्यापारिक रिश्ते भी अहम रहेंगे। अमेरिकी टैरिफ के जरिए चीन के व्यापार अधिशेष को कम करने की कोशिश की गई, लेकिन इसके बावजूद चीन दुनिया का प्रमुख विनिर्माण केंद्र बना हुआ है। लगातार दूसरे साल चीन का वस्तुओं का निर्यात उसके आयात से एक ट्रिलियन डॉलर अधिक रहने की स्थिति है।

टिप्पणियाँ (0)