रायपुर : - छत्तीसगढ़ में नवरात्रि की धूम शुरू हो गई है, रास गरबा में अभी से लोगों की भारी भीड़ जुट रही है। शहर हो या गाँव, भक्ति रस में एक बड़ी आबादी डूबी हुई है, इस बीच मौसम के मिज़ाज में बदलाव की बयार भी बहने लगी है। राज्य के कई इलाकों में आज बदली छाई हुई है, आसमान साफ़ है, लेकिन हवा का रुख बेचैनी पैदा कर रहा है, इससे नवरात्रि के रंग में भंग पड़ने का खतरा मंडराने लगा है।
मौसम विभाग की माने तो ठंड के आगमन के साथ ही मौसम फिर करवट फेरने की तैयारी में है। राज्य में 15 अक्टूबर से मौसम का मिजाज बदल सकता है, बादल गरजने के साथ ही तेज हवाओं के चलने और बिजली गर्जना के संकेत जारी किये गए हैं। मौसम विभाग के अनुसार, कुछ स्थानों पर हल्की मध्यम बारिश हो सकती है। मंगलवार को प्रदेश के अधिकांश स्थानों पर मौसम शुष्क रहा। इस दिन रायपुर में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस और सबसे कम न्यूनतम तापमान 18.6 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में दर्ज किया गये। वहीं प्रदेश में बारिश के प्रमुख आंकड़े जीरो रहे। लेकिन बुधवार सुबह से प्रदेश में एक-दो स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की वर्षा होने की संभावना जताई गई है। कुछ जगहों पर बादल मेघ गर्जन के साथ बिजली गिरने की संभावना है। 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की चेतवानी दी गई है। मौसम विभाग की माने तो ऐसे में अगले दो दिन तक मौसम इसी तरह का बना रहेगा।
मौसम विभाग ने आज यानी बुधवार को प्रदेश में एक-दो स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की वर्षा होने की संभावना जताई है। वहीं कुछ जगहों पर बादल गरजने-चमकने के साथ बिजली गिरने और 40 से 50 किमी की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के आसार हैं। दो दिन बाद इसी तरह की गतिविधियां जारी रह सकती हैं। इस समय ऊपरी वायुमंडल में सक्रिय मौसमी प्रणालियों का प्रभाव देखा जा रहा है। समुद्र तल से 5.8 से 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई पर 22 डिग्री उत्तरी अक्षांश के उत्तर में लगभग 82 डिग्री पूर्वी देशांतर के आसपास पश्चिमी हवाओं में द्रोणिका बनी हुई है। वहीं 4.5 किलोमीटर की ऊंचाई पर पूर्वी उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण एक्टिव है।
रायपुर में लोगों को दिन-रात गर्मी का अहसास हो रहा है। बुधवार को मौसम साफ रहने की संभावना है। आकाश मुख्यतः साफ रहने की संभावना है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 35 डिग्री सेल्सियस और 23 डिग्री सेल्सियस के करीब रहने के आसार हैं। पिछले 24 घंटों में प्रदेश में मौसम मुख्यतः शुष्क रहा और एक-दो स्थानों में बहुत हल्की बारिश हुई। 15 अक्टूबर से मौसम में होने वाले बदलाव से रायपुर वासियों को गर्मी से राहत मिल सकती है। लेकिन, मौसम में आये बदलाव को लोग नवरात्रि में प्राकृतिक खलल के रूप में देख रहे है।