जगदलपुर/रायपुर : इस दीपावली ने समूचे बस्तर संभाग की फ़िज़ा बदल दी है,अभी तक दीपावली का पर्व संभाग के जिला और तहसील स्तर के शहर-कस्बों तक ही सीमित नज़र आता था | लेकिन इस बार नक्सल खौफ के टूटे ही सन्नाटे का नामों-निशान नहीं है,बस्तर के कई गांवों-कस्बो में लंबे अरसे बाद, पहली बार बेखौफ दीपावली का जश्न दिखाई दे रहा है | दीपावली हो या अन्य तीज त्यौहारों की जगमग आमतौर पर ग्रामीण अंचलों के सैकड़ों गांव-कस्बों में दूर-दूर तक नज़र नहीं आती थी |अब की बार जहाँ कभी गोलियों से दहलते थे गांव,आज वहां दीपों से जगमगा रहे घर,संदेशा दे रहे है,कि तेज़ी से बदल रहा बस्तर |

नक्सलवाद के साये से दीपों की रोशनी तक इन गांव-कस्बों में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का नाम पीड़ितों की जुबान पर है | उनके के लिए यह दीपावली यादगार बन गई है, बस्तर के जंगलों से गुजरने वाली सड़कों के किनारे मटके और केन में भरे ''लांदे और सल्फी" के पेय पदार्थों ने छोटे-छोटे कस्बाई बाज़ारों की रौनक बढ़ा दी है | इन इलाकों में नक्सली आतंक के चलते आम दिनचर्या ना केवल ठप्प रहती थी,बल्कि दिन भर सन्नाटा पसरा रहता था | सिर्फ सुनाई देती थी,कभी बारूदी सुरंगों के धमाके और गोलियों की आवाज़ तो कभी,पुलिस और केंद्रीय सुरक्षाबलों के जवानों के जूतों की ''टॉप'' और हथियारों की गड़गड़ाहट,''मातमी धुन और चीख़-पुकार" | लेकिन,अब इन गांव-कस्बों में पसरा सन्नाटा टूट चुका है,जंगल के भीतर बसे इन धुर ''पूर्व नक्सल प्रभावित" इलाको में  दिनचर्या आम हो चुकी है,हाट-बाज़ारों में कोलाहल है,आतिशबाज़ी और पटाखों की गूंज सुनाई देने के चलते,दीपावली की ख़ुशी लोगों के बीच देखते ही बन रही है |

तस्दीक की जाती है,कि एक बड़ी युवा आबादी ने पहली बार अपने गांव और घर-परिवार में बेख़ौफ़ होकर,दीपावली का पर्व मनाया है | यूं तो,इन इलाकों में सिर्फ दशहरे के मौके पर या यदा-कदा ही लोग सड़कों पर नज़र आते थे, "वीरानी के आलम" में लोगों का गुजर-बसर हो रहा था |समूचे बस्तर में इस बार दीपावली के पहले से गांव-क़स्बों में तीज-त्यौहारों की ऐसी छठा बिखरी है,कि जगह-जगह लोगों का हुजूम दिखाई दे रहा है,हाट बाज़ारों में रोजाना लोगों का तांता लग रहा है,यहाँ दूर-दूर से व्यापारी और ग्राहक दस्तक दे रहे है | इन बाज़ारों में आदिवासी पुरुष और महिलाएं कई समूहों में खरीदारी करते दिखाई दे रहे है,इसके साथ ही ज्यादातर उन गांव की तस्वीर ही बदली-बदली नज़र आ रही है,जहाँ कभी कुख्यात माओवादी कमांडर माडवी ''हिड़मा'' की तूती बोला करती थी | ऐसे इलाकों में स्वयं हिड़मा का गृह ग्राम पूरवर्ती (Puvarti) भी शामिल है, जो सुकमा जिले में (बीजापुर-सुकमा बॉर्डर ) जगरगुंडा क्षेत्र में स्थित है। 

यहाँ के ग्रामीण तस्दीक करते है,कि तीन दशकों से नक्सल प्रभावित रहे पूवर्ती गांव में इस बार कई घरों में दिवाली मनाई जा रही है। उनके मुताबिक,पुलिस के जवानों ने उनको मिठाई खिलाई, बच्चों को भी कपडे दिए,पटाखे और उपहार बांटे। ग्रामीणों के हुजूम में शामिल कोकी बताते है,कि उन्हें पारंपरिक लुंगी और उनकी पत्नी को जवानों ने साड़ी भेंट की। इस गांव के कई आदिवासी परिवार उपहार और मिठाइयों का स्वाद लेकर दिवाली त्यौहार का आभास कर रहे है,कुछ एक गांव में बच्चों के मनोरंजन के लिए मिकी माउस के झूले देखे गए,यहाँ दर्जनों आदिवासी बच्चे खेलते-कूदते नज़र आ रहे है | इस मार्ग पर पुलिस का दस्ता भी गश्त करते नज़र आया| 

इन पुलिस कर्मियों ने तस्दीक की,कि जिले के पुलिस कप्तान मयंक गुर्जर के निर्देश पर ग्रामीणों को मिठाई और उपहार प्रदान किए जा रहे है | यहाँ के हाट बाज़ार में चहल-पहल के बीच पडोसी राज्य तेलंगाना के कई कारोबारी भी बाजार का सूरते-हाल जानने पहुंचे है,वे तस्दीक कर रहे है,कि नक्सल मुक्त होने के बाद पूरवर्ती समेत बस्तर संभाग के गांव-गांव में इलेक्ट्रॉनिक सामान और बैटरी गाड़ियों को लेकर कारोबार की अच्छी संभावनाएं नज़र आ रही है | जगदलपुर से पूरवर्ती गांव में दस्तक देने से पूर्व कई सार्वजनिक स्थानों में स्थित छोटे-छोटे हाट बाज़ारों में तो,आदिवासी संस्कृति और परंपराओं की झलक राहगीरों को अपनी ओर खींच रही है |इस पूरे इलाके में परंपरागत मुर्गा, लड़ाई,सांस्कृतिक कार्यक्रमों और गपशप वाली महफिले भी अरसे बाद नज़र आ रही है | आमतौर पर यहाँ,शाम ढलते ही,लगभग 3 बजे तक हाट बाजार सिमट जाता था,इन बाज़ारों में बंदूकों के सायं में स्थानीय ग्रामीण और सुरक्षा कर्मी दिखाई देते थे,लेकिन अब कारोबारियों और ग्राहकों की संख्या में इज़ाफ़ा दर्ज़ किया जा रहा है | 

जगदलपुर से नारायणपुर,सुकमा और बीजापुर के आवाजाही वाले लगभग सभी राज्य-मार्गों और PMGSY सड़कों समेत जंगली रास्तों में लंबे अरसे बाद रौनक देखी जा रही है | यहाँ के छोटे-बड़े बाज़ारों में FMGC,मसाले,कपडे और रोजाना उपयोग वाली वस्तुओं को लेकर मार्केटिंग टीम इन ग्रामीण लोगों की रूचि का जायजा ले रही है |ग्रामीण सामानों की आवाजाही के कार्य में जुटे वाहनों की संख्या में भी,लगातार इज़ाफ़ा हो रहा है | तस्दीक की जाती है,कि इन जंगलों के भीतर बसे दर्जनों गांव में निजी आवागमन सुविधाएं भी पहले के मुकाबले तेज़ी से विकसित हो रही है | इस काम-धंधे के लिए स्थानीय युवक सामने आ रहे है| 

नक्सल मुक्त बस्तर में पीएम नरेंद्र मोदी की "दीपावली" यात्रा ने ग्रामीण-आदिवासियों का उत्साह चरम पर ला दिया है | इसके पूर्व गृहमंत्री अमित शाह और राज्य के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय समेत उनके मंत्री मंडल के लगभग आधा दर्जन मंत्रियों ने अलग-अलग जिलों का दौरा कर विकास कार्यों का जायजा लिया है,कई मंत्रियों ने तो,ग्राम पंचायतों में दस्तक देकर लोगों की समस्याएं सुनी और मौके पर ही निदान के निर्देश दिए | लेकिन,दीपावली के मौके पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के अचानक बस्तर प्रवास ने आम आदिवासियों के अलावा प्रशासनिक तंत्र के भीतर जान फूंक दी है | इससे लोगों में सरकार के प्रति विश्वसनीय रुख देखा जा रहा है|

दीपावली के मौके पर पीएम मोदी,बहुधा सेना और सेंट्रल फ़ोर्स के गलियारों में जवानों के साथ नज़र आते है | लेकिन,इस बार वे बस्तर में बेहद अलग अंदाज में सुरक्षा कर्मियों के बीच दिखाई दिए | जन सभाओं और राजनैतिक कार्यक्रमों से दूर सुरक्षा कर्मियों के कैंप में पहुंच कर पीएम ने नक्सलियों से लोहा लेने वाले जवानों की हौसला अफजाई की | उनके इस दौरे की किसी को कानों-कान खबर तक नहीं लगी |  इस दौरान ना तो कोई बड़ी सार्वजनिक घोषणा, न स्वागत की भव्य तैयारियां और न ही प्रशासनिक हलचल की सामान्य तस्वीर इलाके में नज़र आई | यहाँ तक की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के किसी भी नेता और पदाधिकारी ने प्रधानमंत्री माेदी के साथ कार्यक्रमों में हिस्सेदारी तय की

 इस अप्रत्याशित दौरे की कामयाबी ने आदिवासी समुदाय में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की साख को जबरदस्त मजबूती दे दी है,उनकी इस यात्रा से आदिवासियों के चेहरे खिल गए है | बहरहाल,तस्दीक की जा रही है,कि हिड़मा के गांव की तर्ज़ में सैंकड़ों गांव में वर्ष 1990 के दशक के बाद अब 2026 में पहली बार अर्थात 36 साल बाद दीपावली में ख़ुशी की आतिशबाज़ी ने दहशत का पूरी तरह से खत्मा कर दिया है |

वीडियो देखें :-बस्तर में जवानों संग पीएम मोदी ने मनाई दीवाली, बोले- लाल आतंक के खात्मे के बाद यह पहला मौका..