रायपुर : - छत्तीसगढ़ के राज्योत्सव में इस बार लोगों को भारतीय वायुसेना की ताकत और पायलटों के असाधारण कौशल का शानदार नजारा देखने को मिलेगा। वायुसेना की प्रसिद्ध ‘सारंग’ हेलिकॉप्टर डिस्प्ले टीम राज्योत्सव के अवसर पर रायपुर में भव्य एयर शो प्रस्तुत करेगी। इस संबंध में टीम के सदस्यों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से शिष्टाचार मुलाकात की और अपने प्रस्तावित हवाई प्रदर्शन की तैयारियों तथा विशेष करतबों की जानकारी साझा की। मुख्यमंत्री साय ने टीम का स्वागत करते हुए प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
हवा में दिखेगा सटीक तालमेल और रोमांचक करतब
राज्योत्सव के दौरान सारंग टीम के चार स्वदेशी एडवांस्ड लाइट हेलिकॉप्टर (ALH) ‘ध्रुव’ हवा में शानदार फॉर्मेशन, सटीक उड़ान और बेहतरीन तालमेल का प्रदर्शन करेंगे। आसमान में एक-दूसरे के साथ समन्वय बनाते हुए हेलिकॉप्टरों के करतब दर्शकों के लिए खास आकर्षण होंगे। भारतीय वायुसेना की सारंग टीम अपने अनुशासित हवाई प्रदर्शनों और स्वदेशी हेलिकॉप्टरों के दमदार प्रदर्शन के लिए देश-विदेश में पहचान रखती है। राज्योत्सव में होने वाला यह एयर शो छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस के उत्सव को और खास बनाएगा तथा लोगों को भारतीय वायुसेना की पेशेवर दक्षता और स्वदेशी विमानन क्षमता की झलक देखने का अवसर देगा।

टिप्पणियाँ (0)