रायपुर : - छत्तीसगढ़ में हॉकी के रोमांच को बढ़ावा देने के लिए छत्तीसगढ़ हॉकी लीग की शुरुआत आज रायपुर के सरदार वल्लभभाई पटेल इंटरनेशनल हॉकी स्टेडियम में होगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शाम 5 बजे लीग का उद्घाटन करेंगे, जबकि केंद्रीय खेल राज्य मंत्री रक्षा खड़से कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगी। 22 अक्टूबर से 1 नवंबर तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में छह टीमें हिस्सा लेंगी। लीग में ओलंपियन और राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के साथ प्रदेश के खिलाड़ी भी अपनी प्रतिभा दिखाएंगे। इससे युवा खिलाड़ियों को अनुभवी खिलाड़ियों के साथ खेलने और अपने खेल को बेहतर बनाने का अवसर मिलेगा।
प्रतियोगिता में चक्रधर चैंपियंस, न्यायधानी नाइट्स, राजधानी रॉयल्स, मैनपाट टाइगर्स, संस्कारधानी स्ट्राइकर्स और बैलाडीला बुल्स खिताब के लिए मुकाबला करेंगी। सभी मैच रायपुर के अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में खेले जाएंगे। प्रतिदिन शाम 5:30 बजे और 7:30 बजे दो मुकाबले होंगे, जबकि पहले दिन महिला खिलाड़ियों का प्रदर्शनी मैच भी आकर्षण का केंद्र रहेगा। दर्शकों के लिए स्टेडियम में प्रवेश निःशुल्क रखा गया है। उद्घाटन समारोह में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा तथा विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह भी मौजूद रहेंगे।

टिप्पणियाँ (0)