कोरबा : - छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में सात साल की मासूम बच्ची की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई है। रजगामार चौकी क्षेत्र में तीन दिन से लापता बच्ची का शव करीम पोल्ट्री फार्म के पीछे झाड़ियों में मिला। शव अर्धनग्न अवस्था में बरामद होने के बाद मामले में गंभीर अपराध की आशंका जताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, 19 अक्टूबर को दोपहर करीब डेढ़ बजे बच्ची घर के पास स्थित राशन दुकान से सामान लेने गई थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिजनों ने उसकी तलाश की और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस और डॉग स्क्वायड की टीम ने खोजबीन शुरू की, जिसके दौरान बच्ची का शव बरामद हुआ।
मामले में पुलिस ने 42 वर्षीय अजय उर्फ अमित चौहान को गिरफ्तार किया है, जो बांगो थाना क्षेत्र के देवमती पारा का निवासी बताया गया है। कोरबा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले के मुताबिक, आरोपी ने अपराध कबूल किया है। शुरुआती जांच में बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौत के कारणों और अपराध की प्रकृति की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा आगे की जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। मासूम की मौत की घटना से क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।

टिप्पणियाँ (0)