छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से पुलिस की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। जिला अस्पताल के स्पेशल वार्ड में भर्ती रेप के एक आरोपी को पुलिस कस्टडी में मोबाइल चलाते और गुटखा खाते हुए देखा गया। हैरानी की बात यह रही कि आरोपी की सुरक्षा और निगरानी के लिए तैनात दो पुलिस आरक्षक पास के बेड पर सोते हुए पाए गए। गंभीर अपराध के आरोपी की सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों की इस लापरवाही ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

मामले का खुलासा उस समय हुआ, जब अस्पताल पहुंचे मीडियाकर्मियों ने घटनाक्रम का वीडियो बनाना शुरू किया। कैमरा देखते ही पुलिसकर्मियों की नींद खुल गई, वहीं आरोपी ने आनन-फानन में अपना मोबाइल तकिए के नीचे छिपा लिया।

अब सवाल उठ रहा है कि पुलिस हिरासत में रहते हुए आरोपी तक मोबाइल कैसे पहुंचा और ड्यूटी पर तैनात जवान निगरानी के बजाय सोते कैसे रहे? स्पेशल वार्ड में भर्ती आरोपी को मिली सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था में सामने आई इस कथित चूक को लेकर पुलिस प्रशासन की जवाबदेही पर सवाल खड़े हो रहे हैं।