रेलवे ने दिसंबर महीने में ट्रेन से सफर करने वाले यात्रियों के लिए अहम बदलाव किया है। छत्तीसगढ़ होकर गुजरने वाली छह एक्सप्रेस ट्रेनों के पहिए अलग-अलग दिनों में थमे रहेंगे। रेलवे के निर्माण कार्य और नॉन-इंटरलॉकिंग प्रक्रिया के चलते 7 से 17 दिसंबर के बीच इन ट्रेनों का संचालन प्रभावित होगा। प्रभावित ट्रेनों में हैदराबाद से रक्सौल, तिरुपति से रक्सौल और वास्को डी गामा से जसीडीह के बीच चलने वाली एक्सप्रेस ट्रेनें शामिल हैं। वहीं, चक्रधरपुर रेल मंडल में पटरियों से जुड़ा काम होने के कारण टाटानगर-इतवारी, नांदेड़-संतरागाछी और पुणे-संतरागाछी हमसफर एक्सप्रेस के कुछ फेरे भी निरस्त किए गए हैं। इन बदलावों का असर बिहार, गोवा, महाराष्ट्र, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, झारखंड और पश्चिम बंगाल की ओर जाने वाले यात्रियों पर पड़ सकता है।घर से निकलने से पहले ऐसे पता करें ट्रेन चलेगी या नहीं

रेलवे के इस फैसले के बाद यात्रियों के लिए अपनी यात्रा की पहले से तैयारी करना जरूरी हो गया है। अगर आपने दिसंबर में टिकट बुक कराया है, तो स्टेशन जाने से पहले ट्रेन के नंबर और यात्रा की तारीख के आधार पर उसकी स्थिति की जांच करें। इसके लिए रेलवे की पूछताछ सेवा 139 पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा NTES वेबसाइट या मोबाइल ऐप से भी ट्रेन के चलने, रद्द होने और समय में बदलाव की जानकारी मिल सकती है। ध्यान रखें कि सभी प्रभावित ट्रेनों की रद्द होने की तारीखें एक जैसी नहीं हैं, इसलिए केवल ट्रेन के नाम के आधार पर यात्रा की योजना न बनाएं। आधिकारिक अपडेट देखने के बाद ही घर से निकलें, ताकि अनावश्यक परेशानी और समय की बर्बादी से बचा जा सके।