छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर अब थमता नजर आ रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी के लिए अनुकूल परिस्थितियां बन रही हैं। अगले 2 से 3 दिनों के दौरान राज्य के कुछ हिस्सों से मानसून की विदाई शुरू होने की संभावना है। बारिश में कमी के बीच तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। राजधानी रायपुर में आज अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान करीब 24 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार 1 अक्टूबर से अगले दो-तीन दिनों तक प्रदेश में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है। आसमान साफ रहने और धूप तेज होने से दिन के तापमान में इजाफा होगा। इसके चलते लोगों को उमस और गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। वहीं, प्रदेश के उत्तरी इलाकों में रात के तापमान में धीरे-धीरे गिरावट शुरू हो गई है। बीते 24 घंटे में पेंड्रा रोड में सबसे कम 18.4 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। फिलहाल छत्तीसगढ़ में बारिश या आकाशीय बिजली को लेकर मौसम विभाग ने कोई चेतावनी जारी नहीं की है। आने वाले दिनों में मानसून की विदाई के साथ प्रदेश में मौसम के मिजाज में बदलाव देखने को मिल सकता है। दिन में गर्मी और उमस बढ़ने के साथ उत्तरी क्षेत्रों में रात के समय हल्की ठंडक का असर धीरे-धीरे बढ़ने की संभावना है।
टिप्पणियाँ (0)