छत्तीसगढ़ में प्रवर्तन निदेशालय यानी ED की कार्रवाई से मंगलवार सुबह हड़कंप मच गया। रायपुर और दुर्ग में जांच एजेंसी ने दो कारोबारियों के ठिकानों पर दबिश दी। रायपुर में ज्वेलरी और जमीन कारोबारी नितिन डागा के रवि नगर स्थित आवास पर ED की टीम सुबह करीब 4 बजे पहुंची।

वहीं, दुर्ग के ऋषभ ग्रीन सिटी में परिवहन कारोबारी गुलशन बघेल के घर भी छापेमारी की गई। दोनों जगह अधिकारियों की टीम दस्तावेजों और कारोबारी गतिविधियों से जुड़े रिकॉर्ड की जांच कर रही है।

इस कार्रवाई को भारतमाला प्रोजेक्ट में कथित वित्तीय अनियमितताओं और मनी लॉन्ड्रिंग की जांच से जोड़कर देखा जा रहा है। गुलशन बघेल बघेल्स कॉर्पोरेट प्राइवेट लिमिटेड के संस्थापक हैं, जिसकी गतिविधियां सड़क निर्माण, भवन निर्माण, अर्थवर्क और परिवहन सेवाओं से जुड़ी हैं। दोनों शहरों में ED की टीमें जांच में जुटी हुई हैं, लेकिन अब तक तलाशी में मिली सामग्री या किसी ठोस बरामदगी को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। ऐसे में जांच के निष्कर्षों और आगे की कार्रवाई पर नजर रहेगी।