दुर्ग : - केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने 30 अक्टूबर को दुर्ग में SIR (विशेष गहन पुनरीक्षण) के समर्थन में आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि चुनाव जीतने पर विपक्षी दल अपनी पीठ थपथपाते हैं, लेकिन हारने पर चुनाव आयोग पर सवाल उठाने लगते हैं।

नड्डा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और विपक्षी दल लोकतंत्र की दुहाई देते हैं, जबकि देश में आपातकाल लागू करने का इतिहास भी उन्हीं का रहा है। उन्होंने कहा कि देश को राजनीतिक अराजकता से बचाने और लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने की जरूरत है। कार्यक्रम के बाद 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' के नारे के साथ SIR के समर्थन में पदयात्रा निकाली गई। हालांकि, कार्यक्रम की शुरुआत में अच्छी भीड़ नजर आई, लेकिन नड्डा के संबोधन के दौरान कुछ लोग बाहर जाते दिखाई दिए। स्थिति को देखते हुए गेट पर लोगों की आवाजाही रोकने की व्यवस्था भी की गई।

इस दौरान मंत्री केदार कश्यप ने कांग्रेस के आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि पार्टी SIR को लेकर केवल भ्रम फैलाने का काम कर रही है। भाजपा का कहना है कि विशेष गहन पुनरीक्षण का उद्देश्य मतदाता सूची को शुद्ध और अपडेट करना है, ताकि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम सूची में शामिल हो और नियमानुसार अपात्र नाम हटाए जा सकें। पार्टी कार्यकर्ताओं को भी इस प्रक्रिया की सही जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। कार्यक्रम को लेकर पहले से ही भाजपा नेताओं ने बैठक कर पदयात्रा और जनसंपर्क की रणनीति तैयार की थी। वहीं, केंद्रीय मंत्री के दौरे और पदयात्रा को देखते हुए दुर्ग शहर में यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया। 30 अक्टूबर को दिनभर भारी और मध्यम मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई गई। दोपहर 12 से 2 बजे तक मिलने वाली नो-एंट्री की सामान्य छूट भी रद्द रही। गुरुद्वारा तिराहा, उतई तिराहा, जेल तिराहा, महाराजा चौक, पोटिया चौक, अंडा चौक, पुलगांव चौक, अंजोरा बाईपास और नयापारा महमारा रोड सहित कई मार्गों पर प्रतिबंध लागू किया गया। कुम्हारी से नेहरू नगर चौक होते हुए महेश कॉलोनी तक भी भारी वाहनों की आवाजाही और सड़क किनारे दुकान-ठेले लगाने पर पाबंदी रही।