रायपुर : नवरात्रि को लेकर राजधानी में तैयारियां तेज हो गई हैं और गरबा आयोजनों को लेकर लोगों में उत्साह भी बढ़ रहा है। इसी बीच रायपुर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाया है। शहर में किसी भी सोसायटी, मोहल्ले या गली को घेरकर बिना अनुमति गरबा आयोजन नहीं किया जा सकेगा। हर गरबा कार्यक्रम के लिए पुलिस कमिश्नर से अनुमति लेना जरूरी होगा। बिना अनुमति आयोजन करने वालों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई करेगी।

पुलिस ने गरबा आयोजनों के साथ-साथ डीजे को लेकर भी स्पष्ट निर्देश दिए हैं। तेज आवाज में डीजे बजाने और देर रात तक डीजे चलाने पर कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा अड्डेबाजी करने वालों और गुंडे-बदमाशों पर नजर रखने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। रात में तीन सवारी, तेज रफ्तार और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों की भी जांच होगी। नवरात्रि से दशहरा तक ट्रैफिक पुलिस रात 2 बजे तक सड़कों पर तैनात रहेगी। पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक कर सभी टीआई और पुलिस अधिकारियों को किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पहले से जरूरी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। यानी इस बार रायपुर में गरबा का उत्साह तो रहेगा, लेकिन पुलिस की निगरानी और नियमों की सख्ती के बीच।