लुधियाना : - पंजाब के लुधियाना में घरेलू विवाद का एक मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने अपने पति पर गाड़ी और बाइक की मांग को लेकर शारीरिक प्रताड़ना देने का आरोप लगाया है। मामला जस्सिया रोड के ग्रीन एन्क्लेव का है। महिला की शिकायत के अनुसार, पति उससे कहता था कि वह उससे ज्यादा कमाती है, इसलिए उसे थार खरीदकर दे। इसी मांग को लेकर दोनों के बीच कई बार विवाद हुआ। महिला का आरोप है कि हालिया झगड़े के दौरान पति ने उसके बाल पकड़कर उसे सड़क पर खींच लिया और लातों से मारपीट की। घटना से जुड़ी सीसीटीवी फुटेज सामने आई है। पीड़िता ने जगतपुरी चौकी पुलिस को शिकायत देकर फुटेज भी सौंप दी है।

जानकारी के मुताबिक, महिला समराला चौक पर सैलून चलाती है, जबकि उसका पति मेडिकल क्षेत्र में काम करता है। दोनों का विवाह नवंबर 2025 में हुआ था। महिला ने पुलिस को बताया कि शादी के कुछ महीने बाद ही पति ने थार की मांग शुरू कर दी थी। बाद में बाइक को लेकर भी विवाद होने लगा। आरोप है कि लगातार झगड़ों से परेशान होकर महिला खुद को सुरक्षित रखने के लिए पड़ोसियों के घर चली गई, लेकिन पति वहां भी पहुंच गया और उसके साथ मारपीट की। मामले की जांच कर रहे एएसआई सुखजिंदर सिंह ने बताया कि महिला की शिकायत और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, जांच में सामने आने वाले तथ्यों के अनुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।