अंबिकापुर : - छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में प्लेस ऑफ सेफ्टी से छह उत्पाती बच्चे बड़ी चालाकी से नौ -दो ग्यारह हो गए। उन्होंने किचन से गर्म दाल निकाली और रसोइए पर फेंक दी। यही नहीं, सेंटर में तैनात गार्ड की भी डंडो से जमकर धुलाई की। अपचारी बालकों के फरार होने के मामले के सामने आने के बाद मौंके पर पहुंची पुलिस ने हालात का जायजा लिया है। जानकारी के मुताबिक गांधीनगर थाना क्षेत्र स्थित कन्या परिसर के इस संस्थान में बीती रात भोजन के दौरान अचानक हंगामा मच गया। बालकों ने रसोइये पर गर्म दाल फेंक दी और ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा गार्ड के साथ मारपीट कर उसे कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद ये सभी छह बालक सुरक्षा व्यवस्था को चकमा देकर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने तलाश शुरू की। तस्दीक की जा रही है कि दो बालकों को पकड़ने में पुलिस कामयाब रही लेकिन शेष उसकी गिरफ्त से बाहर बताये जाते है, उनकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है। यह भी बताया जाता है कि प्लेस ऑफ सेफ्टी से भागने के दौरान इनमे से कई बच्चों को चोटें भी आई है। पुलिस के अनुसार, फरार बालकों की उम्र 16 से 18 वर्ष के बीच है और इनके खिलाफ हत्या तथा चोरी जैसे गंभीर अपराधों के मामले दर्ज हैं। इस घटना ने एक बार फिर प्लेस ऑफ सेफ्टी की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यहां से पहले भी कई बार अपचारी बालकों के फरार होने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। फरवरी में 15 बालक गार्ड पर हमला कर भागे थे, जून में 11 बालकों ने खिड़की उखाड़कर और जुलाई में 13 बालकों ने पुराना दरवाजा तोड़कर फरार होने की घटना को अंजाम दिया था। इसके अलावा रोशनदान तोड़कर भागने का मामला भी सामने आ चुका है। फ़िलहाल, प्लेस ऑफ सेफ्टी से लगातार बालकों का फरार होने की घटनाओं ने ''निगरानी व्यवस्था'' पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए है।
टिप्पणियाँ (0)