जशपुर में महज 1 हजार रुपये के विवाद ने दोस्ती का रिश्ता खत्म कर दिया। पुलिस के मुताबिक, ग्राम विमड़ा निवासी 29 वर्षीय राजेश दास ने कृष्णा उर्फ कैलाश यादव से 6 हजार रुपये में पुराना मोबाइल खरीदा था, जिसमें 5 हजार रुपये चुका दिए गए थे और 1 हजार रुपये बाकी थे। आरोप है कि इसी रकम को लेकर 23 सितंबर को दोनों के बीच विवाद हुआ। कैलाश राजेश को कार से जुरगुम जंगल ले गया, जहां कहासुनी बढ़ने पर उसने लकड़ी के भारी टुकड़े से राजेश के सिर पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई, जिसके बाद शव को जंगल में फेंक दिया गया। पुलिस के अनुसार, वारदात के बाद आरोपी ने सबूत मिटाने की कोशिश की। हत्या में इस्तेमाल लकड़ी और राजेश का मोबाइल नदी में फेंक दिया गया, खून से सने कपड़े भी पानी में बहा दिए गए और कार से खून के निशान साफ किए गए। जुरगुम-तुर्रापानी जंगल में ग्रामीणों को शव मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और मृतक की पहचान राजेश के रूप में हुई। पूछताछ में पुलिस के मुताबिक कैलाश ने हत्या की बात स्वीकार की। आरोपी की निशानदेही पर कार बरामद कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।