बीजापुर। छत्तीसगढ़ के युवाओं को अपने विचारों और भाषण प्रतिभा के दम पर विधानसभा से संसद तक पहुंचने का मौका मिलेगा। बीजापुर में 31 अक्टूबर 2026 को विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट 2027 के तहत जिला स्तरीय भाषण प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।

इसमें बेहतर प्रदर्शन करने वाले शीर्ष तीन प्रतिभागियों को छत्तीसगढ़ विधानसभा में अपने विचार रखने का अवसर मिलेगा। राज्य स्तर पर चयनित तीन युवाओं को राष्ट्रीय स्तर पर संसद भवन में प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा।

मेरा युवा भारत (MY Bharat) केंद्र, बीजापुर की ओर से यह प्रतियोगिता पोटा केबिन ऑडिटोरियम में आयोजित की जाएगी। इसका उद्देश्य युवाओं में नेतृत्व क्षमता, तार्किक सोच और लोकतांत्रिक मूल्यों को बढ़ावा देना है।

‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ पर रखेंगे अपनी बात

प्रतियोगिता का विषय ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ रखा गया है। प्रतिभागी इस विषय के समर्थन या विरोध में अपने विचार रख सकेंगे। उन्हें बताना होगा कि देश में एक साथ चुनाव कराने की व्यवस्था का लोकतंत्र, प्रशासन और चुनावी प्रक्रिया पर क्या असर पड़ सकता है।

हर प्रतिभागी को भाषण के लिए अधिकतम तीन मिनट मिलेंगे। युवा हिंदी या अंग्रेजी में अपनी बात रख सकते हैं। चयन में तथ्यों, तर्कों, विषय की समझ और प्रस्तुति को महत्व दिया जाएगा।

18 से 25 साल के युवा ले सकेंगे हिस्सा

प्रतियोगिता में वही युवा भाग ले सकेंगे, जिनकी उम्र 17 अगस्त 2026 की स्थिति में 18 से 25 वर्ष के बीच है। महाविद्यालयों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को भी इसमें भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया गया है।

यदि दो या अधिक प्रतिभागियों के अंक समान होते हैं, तो 10 अंकों का तात्कालिक प्रश्न पूछकर टाई-ब्रेकर के जरिए चयन किया जाएगा।

30 अक्टूबर तक रजिस्ट्रेशन का मौका

इच्छुक युवा MY Bharat के आधिकारिक पोर्टल mybharat.gov.in पर पंजीकरण संबंधी जानकारी ले सकते हैं। सूचना के अनुसार, रजिस्ट्रेशन की अंतिम तारीख 30 अक्टूबर 2026 है। यह प्रतियोगिता युवाओं को जिला स्तर से राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक अपनी पहचान बनाने का अवसर देगी।