रायपुर : - लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर राजधानी रायपुर में उत्साह चरम पर है। शहर के 50 से अधिक नदी-तालाबों के घाटों पर छठी मैया की पूजा और सूर्योपासना की भव्य तैयारियां की जा रही हैं। 15 नवंबर को संध्या अर्घ्य के अवसर पर हजारों व्रती डूबते सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना करेंगे। इस बार महादेव घाट का आयोजन खास रहने वाला है, जहां मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी शामिल होंगे। महादेव घाट से लेकर बिरगांव के व्यास तालाब, हीरापुर के छुईया तालाब और सड्डू तक छठ गीतों, भक्ति संगीत और धार्मिक अनुष्ठानों की गूंज सुनाई देगी। महादेव घाट पर शाम 4 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम, लोक कलाकारों की प्रस्तुतियां, नृत्य-नाटिका और महाआरती का आयोजन होगा, जबकि बिरगांव के व्यास तालाब में हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।

छत्तीसगढ़ में धर्म और संस्कृति का अपना ही रंग है, यहाँ के लोगों ने भी छठ पूजा की परंपरा को सहजता से अपना लिया है। आमतौर पर बिहार उत्तरप्रदेश और दिल्ली में छठ पूजा की धूम रहती है। लेकिन अब समूचे छत्तीसगढ़ में इस पर्व ने अपनी रंगत बिखेर दी है। रायपुर के अलावा प्रदेश के कई जिलों में छठ पूजा के लिए विशेष घाटों को स्थापित करने का सिलसिला भी शुरू हो गया है। इलाके के लोग जनप्रतिनिधियों के साथ सामंजस्य स्थापित कर छठ पूजा घाटों को चिन्हांकित करने और वहां मूलभूत सुविधाएं विकसित करने के लिए जोर दे रहे है।   

छत्तीसगढ़ के कई जिलों में छठ महापर्व के आयोजन को भव्य बनाने के लिए पूजा समितियों के साथ नगर निगम और जिला प्रशासन भी व्यवस्थाओं में जुटे हैं। घाटों की सफाई, सजावट, रोशनी और पार्किंग की तैयारियां की जा रही हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो। पर्व के तीसरे दिन 15 नवंबर को व्रती अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देंगे, जबकि 16 नवंबर की सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद करीब 36 घंटे के निर्जला व्रत का पारण होगा। बांस के सूप-दउरा में फल, ठेकुआ और अन्य पूजन सामग्री सजाकर सूर्यदेव को अर्घ्य देने की परंपरा इस पर्व को विशेष बनाती है। डूबते और उगते सूर्य की आराधना के साथ छठ महापर्व केवल धार्मिक आस्था का उत्सव नहीं, बल्कि स्वच्छता, अनुशासन, प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और सामूहिक एकता का भी प्रतीक है। फ़िलहाल छत्तीसगढ़ में छठ पूजा की तैयारी जोरो पर है।