महासमुंद। महासमुंद जिले के पिथौरा में शनिवार की आधी रात एक बड़ा हादसा सामने आया, जहां लाखागढ़ के पास चलते आयशर ट्रक में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि पास खड़ा दूसरा ट्रक भी इसकी चपेट में आ गया। किराना सामान से भरा ट्रक पूरी तरह जलकर खाक हो गया, जबकि चावल लदे दूसरे ट्रक को भी नुकसान पहुंचा है। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। हालांकि, आग बुझाने के लिए दूसरे स्थान से दमकल बुलानी पड़ी, जिससे पिथौरा में दमकल व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।

घटना शनिवार रात करीब 12 बजे पिथौरा थाना क्षेत्र के लाखागढ़ के पास की है। चलते आयशर ट्रक क्रमांक CG04PQ6844 में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पास खड़े ट्रक क्रमांक CG06GM6344 को भी अपनी चपेट में ले लिया।
आगजनी में किराना सामान से भरा ट्रक पूरी तरह जल गया, वहीं चावल लदे दूसरे ट्रक को भी नुकसान पहुंचा है। आग पर काबू पाने के लिए दूसरे स्थान से दमकल वाहन बुलाना पड़ा।
फिलहाल घटना में किसी जनहानि की सूचना नहीं है। पिथौरा पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
आधी रात हुई इस आगजनी ने जहां दो ट्रकों को नुकसान पहुंचाया, वहीं पिथौरा में आपातकालीन अग्निशमन व्यवस्था की उपलब्धता और तत्परता पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
टिप्पणियाँ (0)