उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के वसुंधरा सेक्टर-1 में पति-पत्नी के रिश्ते को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि पत्नी प्रिया शर्मा ने अपने जिम ट्रेनर प्रेमी प्रताप सिंह के साथ मिलकर पति शशांक कंठारिया की हत्या की साजिश रची। 26 अक्टूबर की सुबह आरोपी ट्रेनर चाकू लेकर फ्लैट में घुसा और सो रहे शशांक पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल शशांक को अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है। वारदात के दौरान पास में सो रही उनकी डेढ़ साल की बेटी के रोने और शशांक के चिल्लाने की आवाज सुनकर पड़ोसी और सोसाइटी के सुरक्षा गार्ड मौके पर पहुंच गए।

पुलिस के मुताबिक, शशांक दिल्ली सरकार के डाक विभाग में सीनियर अकाउंटेंट हैं। जांच में सामने आया कि प्रिया की करीब आठ-नौ महीने पहले जिम ट्रेनर प्रताप से मुलाकात हुई थी, जिसके बाद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं। पति को इस संबंध की जानकारी होने के बाद घर में विवाद होने लगा था। आरोप है कि इसी विवाद के चलते दोनों ने शशांक को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। वारदात के समय प्रिया के फ्लैट का दरवाजा खुला छोड़कर जिम जाने की बात भी जांच में सामने आई है। भागने की कोशिश कर रहे प्रताप को गार्ड और स्थानीय लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पूछताछ के बाद पुलिस ने प्रिया को भी गिरफ्तार कर लिया। मामले में आगे की जांच जारी है।