छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले के बसना विकासखंड स्थित मुड़ीडीह शासकीय प्राथमिक स्कूल में एक दर्दनाक हादसे में 10 वर्षीय छात्र तरुण चौहान की मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक, तरुण निर्धारित समय से पहले स्कूल पहुंच गया था। इस दौरान पेड़ से बंधी रस्सी पर झूलते समय उसका गला रस्सी में फंस गया, जिससे दम घुटने के कारण उसकी जान चली गई। बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त स्कूल परिसर में कोई शिक्षक या कर्मचारी मौजूद नहीं था। बच्चे को रस्सी में फंसा देखकर कुछ महिलाओं ने उसे नीचे उतारने की कोशिश की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
मासूम की मौत के बाद शिक्षा विभाग ने कार्रवाई करते हुए स्कूल के प्रधानपाठक रघुनाथ चौधरी और सहायक शिक्षक गुणितराम चौधरी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। शुरुआती जांच में स्कूल की निगरानी व्यवस्था और शिक्षकों की जिम्मेदारी को लेकर सवाल उठे हैं। इस घटना ने एक बार फिर स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर स्कूल परिसर में बच्चों की निगरानी के इंतजाम क्यों नहीं थे और ऐसी लापरवाही कैसे हुई, इसकी जांच की जा रही है।

टिप्पणियाँ (0)