शिवपुरी : - मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में दो सगी बहनों और उनके बच्चों की मौत से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। दो अलग-अलग घटनाओं में कुल छह लोगों की जान चली गई। पहली घटना बैराड़ थाना क्षेत्र के गुंगरगांव की है, जहां 35 वर्षीय अंजली रावत अपने चार बच्चों के साथ कुएं में कूद गईं। इस हादसे में अंजली और उनके छह साल के बेटे प्रशांत की मौत हो गई, जबकि उनकी बड़ी बेटी मोनिका ने हिम्मत दिखाते हुए खुद को और अपनी दो छोटी बहनों को बचा लिया। परिजनों के मुताबिक, करीब डेढ़ महीने पहले सड़क हादसे में अंजली के पति धर्मवीर सिंह रावत की मौत हो गई थी। इसके बाद से वह गहरे मानसिक तनाव में थीं। इस घटना ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।


बहन की मौत के बाद दूसरी घटना ने बढ़ाया मातम। अंजली की मौत के बाद उनकी सगी बहन सीता रावत और उनके तीन बच्चों की मौत की खबर सामने आई। बताया गया कि 40 वर्षीय सीता आठ महीने की गर्भवती थीं और बुधवार को अपने बच्चों राखी (14), प्रियंका (11) और श्लोक (6) के साथ घर से निकली थीं। शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान खेत में स्थित कुएं के पास चप्पलें और पानी में एक बच्चे का शव दिखाई दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू किया और सीता समेत तीनों बच्चों के शव बाहर निकाले। सीता के गर्भ में पल रहे बच्चे की भी मौत हो गई। परिजनों के अनुसार, दोनों बहनों के बीच गहरा लगाव था और वे अक्सर एक-दूसरे से बातचीत करती थीं। सीता की मौत को बहन की मृत्यु से जुड़े सदमे से जोड़कर देखा जा रहा है, लेकिन इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस ने दोनों मामलों में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।